बुधवार, 29 जनवरी 2020

बस्तर में नक्सलवाद के अलावा नारियल, कोको, लीची, अन्नानास, कॉफ़ी, कालीमिर्च भी है...


जब भी बस्तर की बात होती है नक्सलवाद से शुरू होकर नक्सलवाद पर ही खत्म हो जाती है। कुछ गिने-चुने दर्शनीय/धार्मिक स्थलों पर भी चर्चा हो जाती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बस्तर सकारात्मक संभावनाओं वाला क्षेत्र है। यहां नित-नए प्रयोग हो रहे हैं। यहां के बाशिंदे बस्तर की तस्वीर बदलने के लिए नई इबारत लिख रहे हैं। यहां कई स्थान ऐसे भी हैं, जिन्हें देखने के लिए हम प्रदेश के तक बाहर जाते हैं।

आईये, आज आपको ऐसे स्थान के बारे में बताते हैं,जिसके बारे में जानने के बाद वहां जहां जाए बिना आप रह नहीं पाएंगे।
रायपुर से जगदलपुर तो आपमें से कई लोग कई बार गए होंगे। लेकिन क्या कभी आप जगदलपुर जाते वक़्त कोंडागांव में रुके हैं। नहीं रुके, तो इस बार जरूर रुकियेगा। अपने हस्तशिल्प के लिए विश्वभर में ख्यात कोंडागांव में नारियल विकास बोर्ड का एक फार्म भी है। जहां प्रतिवर्ष 2 लाख नारियल की पैदावार होती है। यहां आकर लगता है कि आप दक्षिण भारत के किसी इलाके में हैं, क्योंकि यहां का क्लाइमेट बिल्कुल वैसा ही है। फार्म के पास में ही नारंगी नदी बह रही है। इस फार्म में साढ़े छह हजार नारियल के पेड़ लगे हैं। जल्द ही यहां नारियल तेल निकालने की यूनिट भी लगने वाली है। इस फार्म में केवल नारियल ही नहीं। कोको, लीची, कॉफ़ी, सिंदूर, नींबू, अन्नानास, दालचीनी, कालीमिर्च की भी बड़ी पैदावार हो रही है।

यहां पैदा हो रहा कोको आंध्रप्रदेश में बिकने जाता है। कोको से चॉकलेट बनाई जाती है। किसान यहां से 7 रुपये की दर से नारियल का पौधा खरीद भी सकते हैं। यहां होने वाला नारियल ऑक्शन के जरिये बेचा जाता है। आम लोग भी यहां से बेहद सस्ती दर से नारियल खरीद सकते हैं। केंद्र सरकार का ये उपक्रम राज्य प्रशासन की निगरानी में चलाया जा रहा है। यहां होने वाले नारियल और फ़ल उत्कृष्ट क्वालिटी के हैं और नज़ारे तो अनमोल हैं।

हमारे लिए भी कोई रजिस्टर बनाओ सरकार ताकि हमारी भी गिनती हो सके


बिना किसी अभिवादन के इस पत्र को शुरु करने की हमारी धृष्टता को क्षमा करते हुए हमारी भी सुनो सरकार।  माना कि हमारा नाम किसी रजिस्टर में दर्ज नहीं है। हम जिंदा भी हैं या नहीं, ये किसी को पता नहीं है। हमारा आधार कार्ड, मतदाता परिचय पत्र या किसी भी देश का नागरिक होने का कोई भी प्रमाण पत्र हमारे पास नहीं है। कहने को तो हम भी इंसान हैं, लेकिन हमारा कोई मानवाधिकार भी नहीं है। हम मानव तस्करी के शिकार लोग हैं। हमें तो ना हमारे परिजन, ना ही इस देश की पुलिस ढूंढ पाई है। हम आजाद तो होना चाहते हैं, लेकिन रिहाई की कोई उम्मीद हमें नज़र नहीं आती। हम इस देश के वो अदृश्य लोग हैं, जो जिंदा होते हुए भी दिखाई नहीं देते। इस देश के होते हुए भी अपनी नागरिकता साबित नहीं कर सकते। हमारी बीच में कई छोटे अबोध बच्चे ऐसे भी हैं, जो जरूरत पड़ने पर अपने मां-बाप के बारे में भी कुछ नहीं बता पाएंगे। सरकार हम स्वतंत्र भारत के ऐसे गण हैं, जिनके लिए कोई तंत्र काम नहीं करता।

हमने सुना है कि अभी-अभी नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो के ताजा आकंडे आए हैं। रिपोर्ट कहती है कि 2018 में मानव तस्करी के महज 2 हजार 367 मामले दर्ज हुए हैं। लेकिन साहब हम तो यहां अनगिनत हैं। रोज देश के कोने-कोने से लाकर खपाए जा रहे हैं।

हमने ये भी सुना है कि एनसीआरबी के मुताबिक देश में अपहरण की घटनाएं 10.3 फीसदी बढ़ी हैं। 2018 में अपहरण के 1,05,734 केस दर्ज हुए हैं, जबकि 2017 में इनकी संख्या 95, 893 थी। इसके एक वर्ष पहले यानि 2016 में यह आंकडा 88,008 था।

2018 में 24,665 पुरुषों और 80,871 महिलाओं के अपहरण के मामले दर्ज किए गए थे। इनमें 15,250 लड़के और 48,106 लडकियां थीं। जबकि व्यस्क लोगों का आंकड़ा 42,180 था।

वर्ष 2018 में अपह्त हुए लोगों में से 22,755 पुरुषों और 69,382 महिलाओं को सकुशल बरादम कर लिया गया था। यानि 91,709 लोगों को जिंदा बरामद किया गया था, जबकि 428 मरने के बाद मिले थे।

साहब, हम आपको बताना चाहते हैं कि अपहरण केवल फिरौती मांगने के लिए नहीं किये जाते। मानव तस्कर भी कई बार अपहरण के जरिये लोगों को अपना शिकार बनाते हैं।

केंद्र सरकार के आंकड़ों के मुताबिक देश में वर्ष 2014 से 2019 तक यानि की छह वर्षों में 3 लाख 18 हजार 748 बच्चे गुम हुए हैं। एनसीआरबी कहता है कि देश में हर आठवें मिनट में एक बच्चा गायब हो रहा है। तो इन तीन लाख 18 हजार 748 गुम बच्चों में अकेले मध्यप्रदेश के 52 हजार 272, छत्तीसगढ़ के 12 हजार 963 और राजस्थान के 6175 बच्चे लापता हैं। 

मध्यप्रदेश में जहां मंडला, डिंडोरी, खंडवा, सिवनी, हरदा, बालाघाट और बैतूल जैसे इलाकों से बच्चियां तेजी से गायब हो रही हैं। जनवरी से नवंबर 2019 में मध्यप्रदेश से 7891 बच्चियां गुमशुदा हुई हैं। वहीं छत्तीसगढ़ में भी रायगढ़, जशपुर, सरगुजा, बस्तर से तेजी से बच्चियां तस्करों का शिकार हो रही हैं। दोनों ही प्रदेशों के ये आदिवासी बहुल इलाके हैं। वैसे देश का कोई भी प्रदेश इससे बचा नहीं है। झारखंड, पं बंगाल, ओडिशा, उत्तर-पूर्व के राज्य, पंजाब, हरियाणा समेत सभी राज्यों में मानव तस्करों के नेटवर्क काम करता है।

सरकार, हम ये भी बताना चाहते हैं कि मानव तस्कर कभी हमें बंधुआ मजदूरी के लिए तो कभी भिक्षावृत्ति के लिए शिकार बनाते हैं। कभी हम वेश्यावृत्ति के धंधे में ढकेले जाते हैं तो कभी हमारे अंगों की तस्करी करने के लिए हमें फंसाया जाता है।

ये भी सच है कि कई बार हम गरीबी और बेरोजगारी के कारण मानव तस्करों के शिकार बन जाते हैं। लेकिन हममें से कई लोग, खासकर बच्चे और लड़कियां अगवा कर, चुराकर या बहला-फुसलाकर उठाए जाते हैं।

हमारे लिए यूं तो 1956 में ही कानून बन गया था, लेकिन वह इतना लचर और पुराना है कि उसमें मानव तस्करी की विस्तृत व्याख्या तक नहीं पाई जाती। फिर मानव तस्करों ने कई बार अपने पैंतरे भी बदले हैं। लेकिन पुलिसिंग उन्हीं पुराने तरीकों से ही हो रही है। फिर उसपर से पुलिस, प्रशासन और समाज भी इस दावानल से हमें निकालने के लिए कोई रुचि नहीं दिखाता। लेकिन हम यहां से निकलना चाहते हैं सरकार। अगर आप तक हमारी बात पहुंचे तो जरूर हमारी भी रिहाई के लिए कोशिश करना। हमारे लिए भी कोई रजिस्टर बनाना ताकि हमारी भी गिनती हो सके। 


प्रार्थी
मानव तस्करी के शिकार
अनगिनत अभागे लोग

शनिवार, 30 नवंबर 2019

छत्तीसगढ़ की सुमिता पंजवानी ने धान की पराली से बनाया सैनेटरी नेपकिन


हमारे देश में अब भी 70 फीसदी महिलाएं सेनेटरी पैड नहीं खरीद पातीं। वे आज भी पुराने तरीकों जैसे कपड़े, अखबारों या सूखी पत्तियों का प्रयोग करती हैं. इसका कारण ये है कि वे सेनेट्री नैपकिंस को खरीदने में सक्षम नहीं हैं. एक रिपोर्ट के अनुसार गांवों-कस्‍बों के स्‍कूलों में कई बच्चियां, पीरियड्स के दौरान 5 दिन तक स्‍कूल मिस करती हैं. यही नहीं, 23 प्रतिशत बच्चियां, माहवारी शुरू होने के बाद पढ़ाई छोड़ देती हैं। 2011 में हुई एक रिचर्स के मुताबिक भारत में हर महीने 9000 टन मेंस्ट्रुअल वेस्ट उत्पन्न होता है, जो सबसे ज़्यादा सैनेटरी नैपकिन्स से आता है. इतना नॉन-बायोडिग्रेडेबल कचरा हर महीने जमीनों के अंदर धसा जा रहा है जिससे पर्यावरण को बहुत ज़्यादा नुकसान पहुंचता है. एक महिला द्वारा पूरे मेंस्ट्रुअल पीरियड के दौरान इस्तेमाल किए गए सैनेटरी नैपकिन्स से करीब 125 किलो नॉन-बायोडिग्रेडेबल कचरा बनता है. 2011 में हुई एक रिचर्स के मुताबिक भारत में हर महीने 9000 टन मेंस्ट्रुअल वेस्ट उत्पन्न होता है, जो सबसे ज़्यादा सैनेटरी नैपकिन्स से आता है. इतना नॉन-बायोडिग्रेडेबल कचरा हर महीने जमीनों के अंदर धसा जा रहा है जिससे पर्यावरण को बहुत ज़्यादा नुकसान पहुंचता है. खैर ये तो बात हुई सैनेटरी नैपकिन की। अब एक और ज्वलंत विषय यानि पराली की भी बात कर लेते हैं। दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण का दोष पराली को ही दिया जा रहा है। ये शब्द आजकल किसी के लिए भी नया नहीं है। छ्त्तीसगढ़ में धान की पराली या पैरा को खेतों मे ही छोड़ दिया जाता है। या फिर जला दिया जाता है। लेकिन अब पराली का सबसे अच्छा उपयोग खोज निकाला गया है। जी हां पराली से सैनेटरी नैपकिन बनाकर दिखाया है छत्तीसगढ़ के एक जिले धमतरी में रहने वाली सुमीता पंजवानी ने।

सुमीता जी अध्यात्म से भी जुड़ी हुई हैं। वे जबलपुर के जवाहरलाल कृषि विश्वविद्यालय में जूनियर साइंटिस्ट रह चुकी हैं।  सुमिता बताती हैं कि पराली या पैरा जैसे वेस्ट में काफी सेल्यूलोज होता है, जिसे केमिकल की मदद से निकाला जाता है. ये एक तरह से कॉटन की तरह होता है, जो उपयोग के बाद डिकंपोज होकर मिट्टी में खाद की तरह मिल जाता है. बाजार में जो सेनिटरी नेपकिन उपलब्ध हैं, उनकी कीमतें सभी वर्ग की पहुंच में नहीं होती है, लेकिन पैरा से बना नेपकिन 2 से 3 रुपये में मिल सकेगा. तमाम ब्रांडेड नेपकीन में नायलोन होता है, जो डिकंपोज नहीं हो सकता और ये पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचाता है. पैरा या पराली से बनी नेपकिन इन दोनों मामलो में बेहतर साबित होगी. सुमीता जैसी शक्तिस्वरूपा दूसरों के लिए प्रेरणास्त्रोत तो हैं ही, साथ ही उन लाखों महिलाओं के स्वास्थ्य की रक्षक बनने की दिशा में भी सुमीता कदम बढ़ा चुकी हैं।  

शक्तिस्वरूपा। साहस की मिसाल संतोषी दुर्गा। पोस्टमार्टम करने वाली छत्तीसगढ़ की एकमात्र महिला।

संतोषी दुर्गा, जिसके नाम में ही शौर्य और साहस समाया हुआ है। संतोषी दुर्गा एक ऐसी महिला हैं, जिनके बारे में जानकार आप उनको सलाम किए बिना नहीं रह सकेंगे। नक्सल प्रभावित बस्तर के एक जिले कांकेर की रहने वाली संतोषी दुर्गा संभवतः देश की अकेली महिला हैं, जो शवों की चीरफाड़ यानि पोस्टमार्टम करती हैं। इसमें भी एक खास बात ये है कि वे बगैर किसी नशे को किए ये काम करती हैं। अमूमन पुरुषों के वर्चस्व वाले इस कार्य को करने वाले लोग शराब या अन्य नशा लेने के बाद ही पोस्टमार्टम कर पाते हैं। संतोषी के पिता भी शराब पीकर शवों की चीरफाड का कार्य किया करते थे। जब संतोषी ने उन्हें शराब छोड़ने के लिए कहा तो उन्होने जबाव दिया कि वे बगैर नशा किए पोस्टमार्टम जैसा अमानवीय कार्य नहीं कर पाएंगे। तब संतोषी ने कहा कि वे यदि बगैर शराब पिए ये कार्य करके दिखाएं तो उन्हें शराब छोड़नी होगी। बस यहीं से संतोषी का सफर शुरु हुआ। नरहरपुर ब्लॉक में रहने वाली संतोषी दुर्गा अब तक 600 शवों का पोस्टमार्टम कर चुकी हैं। छह बहनों में सबसे बड़ी संतोषी दुर्गा उन तमाम लोगों के लिए मिसाल हैं, जो विपरीत परिस्थितियों में हार मान लेते हैं। कभी उनपर तंज कसने वाले लोग आज उनकी तारीफ करते थकते नहीं है।



https://janmantra.com/video-santosh-durga-an-example-of-courage-the-only-woman-from-chhattisgarh-to-do-post-mortem-santoshi-durga-the-only-woman-in-the-country-to-do-autopsy-of-dead-bodies/

पुरा वैभव को समेटे छत्तीसगढ़ का देवरानी-जेठानी मंदिर, रहस्यमीय रुद्र शिव की प्रतिमा



यदि आप छत्तीसगढ़ आ रहे हों तो आप रायपुर-बिलासपुर रोड़ पर स्थित देवरानी-जेठानी मंदिर जरूर जाएं। पांचवी शताब्दी में निर्मित ये मंदिर आपको भारत के पुरा वैभव की यात्रा पर ले जाएंगे। शिव के साधकों के लिए ये स्थान विशेष है। प्राचीन काल के दक्षिण कोसल के शरभपुरीय राजाओं ने गनियारी नदी के किनारे ताला नामक स्थल पर दो शिव मंदिरों का निर्माण करवाया था, जिन्हें देवरानी और जेठानी मंदिर के नाम से जाना जाता है। स्थानीय लोग इसे देवरानी-जेठानी का अर्थ कुंती-गांधारी बताते हैं।
प्रस्तर निर्मित अर्धभग्न ‘देवरानी-जेठानी मंदिर’ दरअसल दो शिव मंदिर है। जो एक दूसरे के अगल-बगल में बने हुए हैं। देवरानी मंदिर का मुख पूर्व दिशा की ओर है। जबकि जेठानी मंदिर दक्षिणाभिमुखी है।
देवरानी मंदिर के पीछे की तरफ शिवनाथ की सहायक नदी मनियारी प्रवाहित हो रही है। इसका भू-विन्यास अनूठा है। इसमें गर्भगृह है। मंदिर की द्वारा शाखाओं पर नदी देवियों का अंकन है। सिरदल में गजलक्ष्मी का अंकित है। इसमें शिखर या छत नहीं है। इस मंदिर स्थलों में हिंदू मत के विभिन्न देवी देवताओं, अंतर देवता, पशु पौराणिक आकृतियां पुष्पाकंन विविध ज्यामितिक प्रतिमाएं व वास्तु खंड है।


रोमाचिंत करती रुद्र शिव की विलक्षण प्रतिमा
इसमें रुद्र शिव के नाम से पुकारी जाने वाली प्रतिमा महत्वपूर्ण है। यह विशाल प्रतिमा 2.70 मीटर ऊंची है। शास्त्र के लक्षणों की दृष्टि से विलक्षण प्रतिमा है। इसमें मानव अंग के रूप में अनेक पशु, मानव अथवा देवमुख व सिंहमुख बनाए गए हैं। इसके सर का जटा मुकुट (पगड़ी) सर्पों के जोड़े से बना हुआ है। रुद्रशिव का हाथ व उंगलियों को सर्प की भांति आकार दिया गया है। इसके अतिरिक्त प्रतिमा के ऊपरी भाग पर दोनों और सर्प फन छत्र कंधों के ऊपर प्रदर्शित है। इसी तरह बाएं पैर में लिपटे हुए फन युक्त सर्प का अंकन है। दूसरे जीव जंतुओं में मोर से कान का कुंडल, आंखों की भौंहे व नाक छिपकली से व लिंग कछुआ के मुंह से बना है। नेत्र में घोंघा है। मुख की ठुड्डी केकड़े से निर्मित है। भुजाएं मगर मुख से निकली हैं। सात मानव अथवा देवमुख शरीर के विभिन्न अंगो में निर्मित हैं। अद्वितीय होने के कारण इस प्रतिमा की सही पहचान को लेकर अभी भी विवाद बना हुआ है। शिव के किसी भी ज्ञात स्वरूप के शास्त्रोक्त प्रतिमा लक्षण पूर्ण रूप से नाम मिलने के कारण इसे शिव के किसी विशेष स्वरूप की मान्यता नहीं मिल पाई है। निर्माण शैली के आधार पर उस मंदिर व प्रतिमा को छटवी शताब्दी के पूर्वार्ध्द में रखा जा सकता है। स्थानीय लोग इसे पांचवी सदी में बनाया हुआ मानते हैं।


जेठानी मंदिर भी शिव का ही एक मंदिर है। जो छत या शिखिर विहीन है। लेकिन इसकी नक्काशी देखकर मन इसे बनाने वाले कलाकार के प्रति क्षद्धा से बरबस ही झुक जाता है। ये मंदिर भारतीय स्थापत्य शैली के अदभुत उदाहरण हैं। जो कई रहस्य समेटे हुए सदियों से मौन खड़ें हैं।
वर्ष 1976 में इन मंदिरों के अवशेष मलबे में दबे हुए नजर आए थे। इसके बाद भारतीय पुरातात्विक विभाग ने इसकी खुदाई और संरक्षण का काम शुरु किया। उसके बाद 1988 -89 में दोबारा इन मंदिरों में खुदाई हुई। स्थानीय निवासी इसे देवरानी जेठानी को कुंती-गांधारी से जोड़कर देखते हैं। वे इसे महाभारतकालीन मानते हैं।





बुधवार, 18 सितंबर 2019

श्रीपुर की रानी वासटा की अमर प्रेम कहानी, जिसने ताजमहल से 11 सौ वर्ष पूर्व बनाया था प्रेम का अमर स्मारक


(सर्वाधिकार लेखिकाधीन)

600 ईसवी का काल था। मगध नरेश सूर्य वर्मा की विजय पताका चहुं और फहरा रही थी। उनकी युवा हो रही राजकुमारी वासटा की सौंदर्य कीर्ति भी दूर-दूर तक फैली हुई थी। कई प्रतापी राजकुमार वासटा से विवाह के इच्छुक थे। लेकिन मगध नरेश सूर्य वर्मा दक्षिण कौशल के राजा हर्षगुप्त के विवाह प्रस्ताव को लेकर गंभीर हैं। वे राजकुमारी का विवाह हर्षगुप्त से करना चाहते हैं।
लेकिन ये कैसे संभव हो? राजगुरु के मस्तक पर चिंता की लकीरें देखकर सूर्य वर्मा भी विचलित हैं। क्यों संभव नहीं हो सकता राजगुरु? सूर्य वर्मा प्रतिप्रश्न करते हैं। हम वैष्णव हैं, वे शैव। दोनों की पूजा पद्धति, रीति-रिवाज भिन्न हैं, इष्ट भिन्न हैं। राजगुरु का उत्तर सुनकर मगध नरेश कुछ बोलते, उसके पहले ही राजकुमारी वासटा उपस्थित हो जाती हैं। अत्यंत रूपवती, धर्मानुरागी, वीरांगना पुत्री को देखकर सूर्य वर्मा का मस्तक ऊंचा होता हुआ प्रतीत हो रहा है। मन में उमड़ रहे प्रश्नों को वे सीधे राजकुमारी के सम्मुख रखने का निर्णय लेते हैं। राजकुमारी पिता के मन में चल रहे भावों से अच्छी तरह परिचित है, पिता कुछ बोलें, इसके पूर्व ही पुत्री निर्भीक होकर अपने मन की बात कह देती है। राजकुमारी वासटा कहती हैं कि पिताजी, आप चाहे वैष्णव कुल में मुझे ब्याहें या शैव कुल में। मैं केवल इतना कहना चाहती हूं कि आपकी ये पुत्री कभी आपका मस्तक झुकने नहीं देंगी। पिता के मन के सारे उहापोह समाप्त हो जाते हैं। वे धूमधाम से मगध की राजकुमारी का विवाह दक्षिण कौशल के शैव धर्मावलंबी श्रीपुर (मौजूदा सिरपुर) के राजा हर्षगुप्त से कर देते हैं। और इसी के साथ आरंभ होती है एक अमर प्रेम कहानी। जिसका गवाह खुद चीनी यात्री ह्वेन सांग है। जिसने अपनी यात्रा वृंतात में इसका वर्णन किया है। वासटा श्रीपुर की रानी बनकर हर्ष गुप्त के जीवन में आ गईं। चित्रोत्पला महानदी के घाट पर बसे श्रीपुर में चहुं और समृद्धि के ही दर्शन होते थे। कभी भी कोई अपराध श्रीपुर में सुनाई तक नहीं देता था।
वासटा और हर्ष गुप्त के प्रेम की मिसालें दी जाने लगी थीं। दोनों की प्रेम की निशानी पुत्र के रूप में महाशिव गुप्त भी आ जाते हैं। सब कुछ अच्छा ही चल रहा था, लेकिन ईश्वर को शायद कुछ और ही मंजूर था। राजा हर्ष गुप्त की श्वांस ईश्वर ने कम लिखीं थी। वे रानी वासटा को छोड़कर सदा सर्वदा के लिए दुनिया से कूच कर गए। ये ईसवी ६३५-६४० का वक्त था। जब श्रीपुर यानि सिरपुर की रानी वासटा ने राजा हर्षगुप्त की याद में अगाध प्रेम के प्रतीक लक्ष्मण मंदिर का निर्माण करवाया। अचानक राजा की मृत्यु से शोक में डूबी रानी वासटा प्रण लेती हैं कि वे पति की याद में स्मारक का निर्माण करवाएंगी। रानी वासटा लाल पत्थरों से लक्ष्मण स्मारक या मंदिर का निर्माण करवाती हैं, ताजमहल से भी 11 सौ वर्ष पूर्व। आज भी श्रीपुर में रानी वासटा के अमर प्रेम की गाथा गूंज रही है। सदियां बीतने के बाद भी लक्ष्मण स्मारक वैसे ही पूरे वैभव के साथ खड़ा है, जैसा कि अपने निर्माण के वक्त था।

(शैव धर्मावलंबी श्रीपुर (मौजूदा सिरपुर) में मगध नरेश सूर्यवर्मा की बेटी वैष्णव धर्मावलंबी वासटादेवी की प्रेम कहानी का उल्लेख हालांकि चीनी यात्री ह्वेन सांग ने भी अपनी यात्रा वृतांत किया है। लक्ष्मण मंदिर में दक्षिण कौशल की शैव और मगध की वैष्णव संस्कृति का अनूठा मिश्रण स्पष्ट परिलक्षित होता है। आगरा में अपनी चहेती बेगम मुमताज की स्मृति में शाहजहां ने ईसवी १६३१-१६५४ के मध्य ताजमहल का निर्माण कराया। मफेद संगमरमर के ठोस पत्थरों 
को दुनियाभर के बीस हजार से भी अधिक शिल्पकारों द्वारा तराशी गई इस कब्रगाह को मुमताज महल के रूप में 
प्रसिद्धि मिली। ताजमहल से लगभग ११ सौ वर्ष पूर्व शैव नगरी श्रीपुर में मिट्टी के ईंटों से बने स्मारक में विष्णु के दशावतार अंकित किए गए हैं और इतिहास इसे लक्ष्मण मंदिर के नाम से जानता है। 

लक्ष्मण मंदिर की सुरक्षा और संरक्षण के कोई विशेष प्रयास न किए जाने के बावजूद मिट्टी के ईंटों की यह इमारत चौदह सौ वर्षों के बाद भी शान से खड़ी हुई है। १२वीं शताब्दी में भयानक भूकंप के झटके में सारा 'श्रीपुर  जमींदोज़ हो गया। चौदहवीं-१५वीं शताब्दी में चित्रोत्पला महानदी की विकराल बाढ़ ने भी वैभव की नगरी को नेस्तानाबूद कर दिया लेकिन बाढ़ और भूकंप की इस त्रासदी में लक्ष्मण मंदिर अनूठे प्रेम का प्रतीक बनकर खड़े रहा है। हालांकि इसके बिल्कुल समीप बने राम मंदिर पूरी तरह ध्वस्त हो गया और पास ही बने तिवरदेव विहार में भी गहरी दरारें पड़ गई। साहित्यकार अशोक शर्मा ने ताजमहल को पुरूष के प्रेम की मुखरता और लक्ष्मण मंदिर को नारी के मौन प्रेम और समर्पण का जीवंत उदाहरण बताया है। उनका मानना है कि इतिहास गत धारणाओं के आधार पर ताजमहल और लक्ष्मण मंदिर का तुलनात्मक पुनर्लेखन किया जाए तो लक्ष्मण मंदिर सबसे प्राचीन प्रेम स्मारक सिद्ध होता है।)








बुधवार, 24 जुलाई 2019

मुर्गी का अंडा और राजनीति

इस विषय पर मैं लिखना शुरु करें और आप पढ़ना, मैं आपको दो बातों से अवगत करवाना चाहती हूं कि मैं शुद्ध शाकाहारी परिवार से हूं। मेरे घर में लहसुन-प्याज भी नहीं आता। मांसाहार तो पूर्णतः वर्जित है, और तो और जिस अंडे पर मैं लिखना चाह रही हूं, उसकी दुकान के सामने से मुंह पर रुमाल रखकर निकलती हूं। दूसरी बात ये कि यह पोस्ट पूरी तरह गैरराजनीतिक है (हर पोस्ट की तरह)। चूंकि मैं भी एक मां हूं तो तीन-चार दिन तक लिखूं कि ना लिखूं की ऊहापोह से निकलकर आज जो मैं लिख रही हूं, पूरी जिम्मेदारी के साथ लिख रही हूं। छत्तीसगढ़ में आजकल ‘मुर्गी के अंडे’ की राजनीति चरम पर है। ऐसे विषयों को मुद्दा बनते देखकर लगता है कि राजनीति में केवल स्वार्थ का स्थान है, परमार्थ के लिए कोई जगह नहीं बची। विपक्ष को बस विरोध करना है, भले ही उस विरोध की कीमत जनमानस ही क्यों ना चुकाए। तो मामला ये है कि राज्य सरकार मध्यान्ह भोजन में बच्चों को अंडा देना चाहती है। इसका कई सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों द्वारा विरोध हो रहा है। लोग इसे धर्म से जोड़कर देख रहे हैं। लेकिन विरोध करने वाले ये नहीं समझ पा रहे कि ये जरूरी नहीं है कि हर बच्चा अंडा खाए ही। अंडा खाना ना खाना बच्चे की इच्छा पर छोड़ दिया जाए। लेकिन मैं एक बात स्पष्ट कर दूं कि छत्तीसगढ़ समेत कई राज्य कुपोषण की मार झेल रहे हैं। कागजों के आंकड़ों के इतर जमीनी हकीकत भयावह है। अंडे में विटामिन ए, बी, बी12, विटामिन डी और विटामिन ई भरपूर मात्रा में होता है। इसके अलावा फॉलेट, सेलेनियम और कई खनिज लवण इसमें पाए जाते हैं। इसमें कोलीन पाया जाता है, जिससे स्मरण शक्ति तो बढ़ती ही है, कार्यक्षमता भी बढ़ जाती है। अंडे के सेवन से आंखों की मांसपेशियां मजबूत होती हैं। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट रेटीना को मजबूत करता है। इसे खाने से पेट देर तक भरा रहता है। इससे बाल और नाखून भी मजबूत होते हैं। इसमें आयरन भी होता है, जो लाल रक्त कोशिकाओं के विकास के लिए जरूरी होता है। मैं अंडे का विज्ञापन नहीं कर रही हूं, बल्कि समझा रही हूं कि सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए अंडा एक महत्वपूर्ण पोषक तत्व का काम करेगा। अंडे के अतिरिक्त भी कई अन्य प्रकार के खाद्य पदार्थों में पोषक तत्व हैं, जिनसे यही सब फायदे हो सकते हैं। लेकिन अकेले अंडे में ही ये सब पोषण मौजूद होता है। सबसे जरूरी बात कि मध्यान्ह भोजन में अंडे परोसे जाने का विरोध वो लोग कर रहे हैं, जिनके बच्चे शायद ही सरकारी स्कूलों में पढ़ते होंगे। मतलब ये अंडा उनके बच्चों को तो नहीं खाना है। सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले 95 फीसदी बच्चे गरीब, वंचित, शोषित परिवारों के होते हैं। हम ये तो पता नहीं कर रहे कि उनकी मंशा क्या है, उनकी जरूरत क्या है, बस अपना विरोध थोप रहे हैं। तो जो स्कूलों में अंडा देने का विरोध कर रहे हैं, क्या अपने स्तर पर इन बच्चों का पोषण ठीक करने के लिए पहल भी करेंगे कि फिर केवल राज्य सरकार का मुंह ताकेंगे।
मेरा सात साल का बच्चा है, मैं उसे अंडा नहीं देती, क्योंकि मैं शाकाहारी हूं और मुझे पता है कि अंडे के अतिरिक्त वही पोषण मैं उसे कैसे दे सकती हूं। मैं उसे सही पोषक तत्व देने के लिए आर्थिक रूप से सक्षम भी हूं। लेकिन यदि किसी गरीब के बच्चे को मुफ्त में पोषण मिल रहा हो तो उसका विरोध कितना उचित है। रही बात इसे मांसाहार या शाकाहार से जोड़ने की, तो ये उन बच्चों के परिवारों को तय करने दीजिए कि उन्हें क्या चाहिए। मेरा केवल इतना ही निवेदन है कि बच्चों के विषय पर राजनीति नहीं की जानी चाहिए। यदि करना ही है तो केवल समस्या पर नहीं समाधान पर भी बात होनी चाहिए। केवल हल्ला करने का मकसद करने की इस राजनीति में कुपोषण से बर्बाद होते बच्चों की हाय भी आपको ही लगेगी। ये मत भूलिएगा। #प्रियंकाकौशल